Vishva Paryavaran Diwas “विश्व पर्यावरण दिवस” Hindi Essay, Paragraph for Class 9, 10 and 12 Students.

विश्व पर्यावरण दिवस (Vishva Paryavaran Diwas)

पर्यावरण दिवस धरती पर हरियाली और वनसंरक्षण का दिवस है। यह दिवस मात्र औपचारिकता का दिवस नहीं है। संकल्प और प्रतिज्ञा का दिन है। हमारे जीवन को स्वस्थ और निरोगी बनाने की महत्वपूर्ण पहल का दिन है। पेड़-पौधे, हरियाली न केवल हमें जीवनदायिनी आक्सीजन देते हैं बल्कि वर्षा को आमंत्रित भी करते हैं। जल हमारे लिए जीवन है, अमृत है। उसे पाने के लिए वर्षा अत्यन्त आवश्यक है। अतः हमें भविष्य की, अपनी आने वाली पीढ़ियों की चिंता करते हुए वनों का विस्तार करना चाहिए। नए पेड़-पौधे भी नियमित लगाए जाते रहें तो उगे हुए पेड़-पौधों की रक्षा भी करें। पेड़ को हम अपना दोस्त मानें। यह एक सच्चे मित्र की तरह हमारे जन्म से लेकर मृत्यु तक हमारा साथ देता है।

पेड़-पौधों और हरियाली से हमें जो आक्सीजन मिलती है वह हमारे लिए प्राणवायु है। आज हमारा देश निरंतर विकसित होता जा रहा है। कल-कारखाने और उद्योग लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इनसे निकला धुआँ जहाँ हमारा वातावरण दूषित करता है वहीं इन फैक्ट्रियों से निकला कचरा व रसायन हमारी धरती और जल को प्रदूषित करते हैं । यह सही है देश के विकास को रोका नहीं जा सकता। हमारी आर्थिक उन्नति के लिए वह आवश्यक है। पर यह समस्या विकराल रूप धारण कर हमारा पर्यावरण इतना प्रदूषित न कर दे कि हम साँस तक नहीं ले सकें। इसके लिए आवश्यक है कि अपनी धरती को निरंतर हरी-भरी बनाते चलें। पेड़-पौधे लगाएँ भी और उनकी रक्षा भी करें।

हरियाली हमारी धरती का शृंगार है। धरती को हम माँ कहते हैं। तो फिर इस धरतीमाता के शृंगार को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य हो जाता है। धरतीमाता हमको कितना-कितना देती है, हमें उसका ऋण तो चुकाना ही चाहिए।

वन संरक्षित होंगे, जीव-जन्तु और पक्षी व कीड़े-मकोड़े सब जीवित रह सकेंगे। पेड़-पौधों, जलचर, थलचर व नभचर सब हमारे भाई-बन्धु हैं। मनुष्य बुद्धिमान प्राणी माना जाता है अतः प्रकृति की इस सारी अनमोल निधि की रक्षा हम कर सकते हैं, हमें करनी भी चाहिए।

हम सब संकल्प ले लें कि हम एक पेड़ हर वर्ष लगाएँगे और उसकी रक्षा भी करेंगे।

कैसे मनाएँ विश्व पर्यावरण दिवस (How to celebrate World Environment Day)

  1. पर्यावरण के संबंध में बच्चों को जानकारी दी जाए।
  2. पेड़-पौधों का मानव जीवन में क्या महत्व है, यह बताया जाए।
  3. पेड़-पौधों की रक्षा कैसे करें यह डिमान्सट्रेशन देकर समझाया जाए।
  4. प्रदूषण क्या है? यह मानव जीवन के लिए हानिकारक क्यों होता है? बच्चों को उदाहरणों के साथ समझाया जाए।
  5. पेड़ मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक कैसे उपयोगी हैं। बच्चों को बताया जाए।
  6. पर्यावरण पर नाटिका प्रस्तुत की जाए।
  7. पेड़ और उसको काटने वाले के बीच रोचक-शिक्षाप्रद संवाद मंच पर प्रस्तुत किये जाएँ।
  8. पेड़-पौधों का चित्रांकन प्रतियोगिता रखी जाए।
  9. बच्चों में प्रतियोगिता रखें कि बच्चे पेड़-पौधों के अलग-अलग नामों की सूची बनाएँ। सबसे अधिक नाम बताने वाले को पुरस्कृत किया जाए।
  10. विद्यालय प्रांगण में पौध रोपण किया जाए।

Leave a Reply